दो साल से समूह सखियों को नही मिल रहा वेतन, आक्रोशित महिलाओं ने हाथ उठाकर किया प्रदर्शन, धरना प्रदर्शन की दी चेतावनी
उवेश रहमान, जुनैद खान: जनपद के विकासखंड मिहीपुरवा अंतर्गत राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन में समूह सखि के रूप में कार्यरत दर्जनों महिलाओं ने पिछले दो साल से वेतन न मिलने पर नाराजगी जाहिर की है। महिलाओं ने विभाग के खिलाफ हाथ उठाकर प्रदर्शन किया है।
विकासखंड मिहीपुरवा अंतर्गत ग्रामसभा सुजौली में स्थित राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन कार्यलय पर शुक्रवार को समूह की दर्जनों महिलाओं ने बैठक की। बैठक में महिलाओं ने विभाग व ब्लॉक प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर करते हुए प्रदर्शन किया है। महिला रिंकी, आरती, पूनम, मीना, पार्वती, मालती, सुधा आदि का कहना है कि समूह में काम कर रही सुजौली क्षेत्र की दर्जनों ऐसी महिला जो कृषि सखि, समूह सखि व अन्य कैडरों में कार्यरत हैं उन्हें पिछले दो वर्षों से वेतन नही मिला है। जबकि उनका वेतन मात्र 1000 रुपए से 12 सौ रुपए तक है। प्रदर्शन करते हुए महिलाओं ने कहा है कि अगर जल्द ही सुनवाई नही हुई तो समूह की सभी महिलाएं ब्लॉक मुख्यालय पर धरना देंगी। महिलाओं ने बताया कि वह समूह में कार्य करके सरकार की तमाम योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक करती हैं साथ ही लोगों को उसका लाभ दिलाने में अपनी अहम भूमिका निभाती हैं जिसके बाद भी उनसे शौतेला व्यवहार किया जा रहा है। महिलाओं को उनकी मजदूरी नही दी जा रही है उन्हें उनका वेतन नही दिया जा रहा है जबकि महिलाओं को परिवार का गुजारा करना मुश्किल पड़ रहा है।
मामला संज्ञान में आने के बाद दे दिया जाएगा वेतन
अजीत सिंह, खंड विकास अधिकारी मिहीपुरवा से बात करने पर उन्होंने बताया कि समूह की महिलाओं को वेतन न मिलने का मामला उनके संज्ञान में नही है सोमवार तक महिलाओं से बात कर उन्हें वेतन दिए जाने की कार्यवाही की जाएगी।
No comments