चफरिया के विद्यालय में कन्या पूजन एवं कन्या भोज का हुआ आयोजन
ज़ोहेब खान: शनिवार को दुर्गा सप्तमी के पावन अवसर पर उच्च प्राथमिक विद्यालय चफरिया (1-8) व चफरिया प्रथम में बीस कन्याओं का वन्दन-पूजन एवं कन्या भोज कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के द्वारा किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ दुर्गा की पूजा अर्चना व आरती गान करके शिक्षामित्र विनीता देवी ने किया। ग्राम प्रधान अजीज अहमद , विद्यालय प्रबन्ध समिति के अध्यक्ष मो अज़हर खान व राकेश कुमार , विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक मनोज कुमार व सन्तोष कुमार , सहायक अध्यापक अनिल कुमार , पंकज कुमार , सुरजीत सिंह , शिक्षामित्र नरेन्द्र गुप्ता व विनीता देवी ने सभी कन्याओं के पैर धुलाकर, आलता व टीका लगाकर उनका पूजन एवं चरण वंदन किया तत्पश्चात ग्राम प्रधान सहित समस्त लोगों ने कन्याओं का चरण वंदन करते हुए उनको सम्मानपूर्वक प्रसादी ग्रहण कराया तथा दक्षिणा व उपहार भेंट किया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान ने विद्यालय के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि कन्याओं का पूजन और सम्मान केवल नवरात्रि में ही नहीं बल्कि हर दिन होना चाहिए। प्रधानमन्त्री नरेंद्र मोदी चाहते हैं कि हमारे देश की बेटियों को हर कार्य में आगे बढ़ने का अवसर मिले और वे देश का नाम रौशन करें, उनके महिला सशक्तिकरण के स्वप्न को पूरा करने के लिए आज विद्यालय परिवार ने नवरात्रि के सप्तमी के शुभ दिन बहुत ही उत्कृष्ट कार्यक्रम का आयोजन कर समाज को एक अच्छा संदेश देने का कार्य किया है, आगे भी इस तरह के विभिन्न कार्यक्रम का आयोजन कर बेटियों का उत्साहवर्धन करना है। विद्यालय प्रबन्ध समिति के अध्यक्ष मो अज़हर खान ने कहा कि विद्यालय के द्वारा बेटियों के मान को बढ़ाने का कार्य निरंतर किया जा रहा है। कन्या भ्रूण हत्या रोकने, समाज में बेटियों को सम्मान दिलाने, कार्य क्षेत्र में सुरक्षा दिलाने एवं देश की प्रगति में देश की हर बेटी अपना योगदान दे सके ये स्वप्न नरेंद्र मोदी ने देखा है इस कार्य मे हमारा विद्यालय परिवार पूरी निष्ठा व कर्मठता से जुटा है। प्रभारी प्रधानाध्यापक संतोष कुमार ने समस्त कन्याओं को माँ दुर्गा व शक्ति का प्रतीक बताते हुए समाज में बेटियों के महत्व को समझने का आव्हान किया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान अजीज अहमद , समस्त विद्यालय परिवार , विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष आदि लोग मौजूद रहे।
No comments